Loading Animation
Biography Video

जीवन परिचय

होमजीवन परिचय
व्यक्तिगत परिचय

राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और एकात्म मानवदर्शन में निहित मूल्यों से प्रेरित जनसेवा की सोच से ओत-प्रोत व्यक्तित्व हैं। राजस्थान के भरतपुर जिले की नदबई तहसील के गांव अटारी में 15 दिसम्बर, 1966 को कृषक पृष्ठभूमि के ग्रामीण परिवार में पिता श्री किशन स्वरूप शर्मा जी एवं माता श्रीमती गोमती देवी जी के यहां उनका जन्म हुआ। परिवार में पत्नी श्रीमती गीता शर्मा जी एवं दो पुत्र हैं।

शिक्षा

श्री भजनलाल शर्मा जी ने राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर से 1993 में राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की। कला संकाय में स्नातक की शिक्षा 1989 में राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर से सम्बद्ध एम.एस.जे. कॉलेज, भरतपुर से प्राप्त की। विद्यालयी स्तर की शिक्षा नदबई तहसील के राजकीय विद्यालय से ग्रहण की।

संवैधानिक पद एवं दायित्व

श्री भजनलाल शर्मा जी ने 15 दिसम्बर, 2023 को राजस्थान के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वे 4 दिसम्बर, 2023 को भारतीय जनता पार्टी की ओर से 16वीं राजस्थान विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। विधानसभा सदस्य के तौर पर उनका यह पहला कार्यकाल है। श्री भजनलाल शर्मा जी वर्ष 2000 से 2005 तक ग्राम पंचायत अटारी के सरपंच तथा 2010 से 2015 तक पंचायत समिति अटारी बछामदी के सदस्य भी रहे हैं।

राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन

श्री भजनलाल शर्मा जी ने बीते दो दशकों के दौरान भारतीय जनता पार्टी में प्रदेश स्तर तक विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। राजनीतिक जीवन के आरंभ में वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के नदबई मण्डल अध्यक्ष, जिला मंत्री एवं तीन बार जिलाध्यक्ष रहे हैं। वे भाजपा जिला भरतपुर के जिला मंत्री एवं जिला महामंत्री रहे हैं। श्री भजनलाल शर्मा जी वर्ष 2009 से 2014 तक भारतीय जनता पार्टी जिला भरतपुर के जिलाध्यक्ष, 2014 से 2016 तक प्रदेश उपाध्यक्ष एवं 2016 से 2023 तक प्रदेश महामंत्री के पद पर रहे।

श्री भजनलाल शर्मा जी महाविद्यालय के दिनों से ही छात्र राजनीति में सक्रिय रहे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से भी उनका जुड़ाव रहा। भाजयुमो में कार्य करते हुए श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का हिस्सा बने। सरपंच से शुरू हुआ राजनीतिक सफर शनैः शनैः चलता रहा। वर्तमान में राजस्थान के मुख्यमंत्री के तौर पर प्रदेश की सेवा कर रहे हैं।